न्यूयार्क। संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि पी हरीश ने संयुक्त राष्ट्र महासभा को संबोधित करते हुए वीटो पावर के वितरण में निष्पक्षता की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि पिछले आठ दशकों के दौरान सभी पांच स्थायी सदस्यों ने अपने राजनीतिक उद्देश्यों के लिए इसका प्रयोग किया। लगभग 200 बार इसका उपयोग किया गया।
वीटो के उपयोग के लिए कई विकल्प
संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के भीतर सुधार को लेकर वीटो के उपयोग के लिए कई विकल्प हैं। हम अन्य प्रतिनिधिमंडलों के साथ इस पर आगे बढ़ने को तैयार हैं। उन्होंने स्थायी सदस्यों के बीच समानता के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि जब तक वीटो की व्यवस्था है, ये सभी स्थायी सदस्यों के पास होनी चाहिए।
इसके व्यापक निहितार्थों का उल्लेख करते हुए हरीश ने कहा कि वीटो का उपयोग केवल पांच सदस्य देशों के लिए उपलब्ध प्रावधान है। हालांकि, यह संयुक्त राष्ट्र के सदस्य देशों की संप्रभु समानता की अवधारणा के खिलाफ है।