कजाखस्तान के अकताऊ शहर में हादसे का शिकार हुए अजरबैजान के विमान को लेकर नया खुलासा हुआ है। अजरबैजान एयरलाइंस ने अपने एक बयान में कहा कि बाहरी भौतिक और तकनीकी हस्तक्षेप की वजह से कजाखस्तान में विमान दुर्घटना हुई है। विमान में कुल 67 लोग सवार थे। इनमें से 38 लोगों की जान जा चुकी है।
अजरबैजान एयरलाइंस का एम्ब्रेयर 190 विमान बाकू से रूस के चेचेन्या प्रांत की राजधानी ग्रोज्नी जा रहा था। मगर ग्रोज्नी में कोहरे की वजह से विमान उतर नहीं सका। इसके बाद वह कैस्पियन सागर की तरफ बढ़ा। मगर वह अपना मूल रास्ता भटक चुका था। कुछ ही देर में अकताऊ शहर में सागर के तट पर विमान दुर्घटना का शिकार हो गया। विमान मे सवार 29 यात्रियों को बचा लिया गया है।