नई दिल्ली। सोने और चांदी की कीमतों में उतार-चढ़ाव जारी है। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय बाजारों में कमजोर रुख के बीच सोमवार को राष्ट्रीय राजधानी में सोने की कीमत 200 रुपये गिरकर 79,200 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गई। शुक्रवार को 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाली पीली धातु 79,400 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुई।
औद्योगिक इकाइयों और सिक्का निर्माताओं की ओर से कमजोर उठान के कारण चांदी भी 2,200 रुपये गिरकर 90,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई। पिछले कारोबारी सत्र में यह 92,200 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी। 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत 200 रुपये गिरकर 78,800 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गई। शुक्रवार को यह कीमती धातु 79,000 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुई।
इस बीच, एमसीएक्स पर वायदा कारोबार में दिसंबर डिलीवरी वाले सोने के अनुबंध 478 रुपये या 0.63 प्रतिशत गिरकर 75,896 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गए। दिसंबर डिलीवरी वाले चांदी के अनुबंध 574 रुपये या 0.65 प्रतिशत गिरकर 88,307 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गए। दिन के कारोबार के दौरान मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर सिल्वर 1,081 रुपये या 1.22 प्रतिशत गिरकर 87,800 रुपये प्रति किलोग्राम के निचले स्तर पर आ गई।
thenewsnowdigital.com thenewsnowdigital.com | www.thenewsnowdigital.com