ढाका। बांग्लादेश में चुनाव को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। नोबेल पुरस्कार विजेता और अंतरिम सरकार के मुखिया मोहम्मद यूनुस ने चुनाव को लेकर जानकारी दी है। उन्होंने कहा आम चुनाव अगले साल के आखिर में या 2026 की शुरुआत में होंगे।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, अंतरिम सरकार के मुखिया मोहम्मद यूनुस पर तारीख तय करने के लिए काफी प्रेशर था। मोहम्मद यूनुस ने कहा कि चुनाव की तारीखें 2025 के अंत तक या 2026 की पहली छमाही तक तय की जा सकती हैं। उन्होंने कहा, मैंने हमेशा इस बात पर जोर दिया है कि चुनाव की व्यवस्था से पहले सुधार किए जाने चाहिए।
किस पर निर्भर करती है चुनाव की तारीख?
यूनुस ने कई सुधारों की निगरानी के लिए आयोग शुरू किया है, उनका कहना है कि चुनाव की तारीख तय करना राजनीतिक दलों की सहमति पर निर्भर करता है। उन्होंने कहा, ‘अगर राजनीतिक दल दोषरहित मतदाता सूची जैसे न्यूनतम सुधारों के साथ पहले की तारीख पर चुनाव कराने पर सहमत होते हैं, तो चुनाव नवंबर के अंत तक हो सकता है।’