नई दिल्ली। मशहूर फैशन डिजाइनर रोहित बल का 1 नवंबर को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वे 63 साल के थे और काफी लंबे समय से बीमार चल रहे थे। बल को भारत के पहले कुछ फैशन डिजाइनरों में से एक माना जाता है जिन्होंने देश में फैशन डिजाइनिंग को एक व्यावहारिक और ग्लैमरस पेशे के तौर पर लोकप्रिय बनाया।
पहले भी खराब हुई थी तबीयत
रोहित को आखिरी बार रैंप पर अक्टूबर 2024 में लैक्मे फैशन वीक के ग्रैंड फिनाले में देखा गया था। यहां अनन्या पांडे ने उनके लिए रैंप वॉक किया था। स्वास्थ्य खराब होने के लगभग एक साल बाद बाल वो रनवे पर लौटे थे। यहां उन्होंने अपना कलेक्शन “कायनात: ए ब्लूम इन द यूनिवर्स” प्रिजेंट किया था। बाल की तबीयत काफी समय से ठीक नहीं चल रही थी। साल 2023 में दिल की बीमारी के कारण उन्हें दिल्ली के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल में भर्ती होने के कुछ हफ्ते बाद, बाल ने एक पोस्ट लिखकर सभी को उनके जल्द स्वस्थ होने की शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद दिया था।
प्रियंका चोपड़ा ने जताया दुख
उनके निधन की खबर से एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री की कई हस्तियों को झटका लगा, उन्होंने उन्हें अपनी पोस्ट के जरिए भावभीनी श्रद्धांजलि दी। प्रियंका चोपड़ा ने इंस्टाग्राम पर पिछले शो से बाल की एक तस्वीर साझा की जिसमें वो काफी खुश नजर आ रहे हैं। फोटो शेयर करते हुए प्रियंका ने लिखा, “बहुत जल्दी चले गए आप। रेस्ट इन पीस।”