नई दिल्ली। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत को अब हिंद महासागर क्षेत्र में पसंदीदा सुरक्षा साझीदार के रूप में देखा जाता है। उन्होंने भारतीय नौसेना को हिंद महासागर में शांति और समृद्धि बढ़ाने में महती भूमिका निभाने के लिए सराहने करते हुए कहा कि यह क्षेत्र आर्थिक, जियोपॉलिटिकल, व्यापारिक और सुरक्षा की दृष्टि से बेहद मूल्यवान और संवेदनशील है।
रक्षा मंत्री ने गुरुवार को यहां नौसेना के कमांडरों की दूसरी बैठक में जोर देकर कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने भारतीय नौसेना को अत्याधुनिक युद्धपोतों, पनडुब्बियों आदि से लैस करके उसकी क्षमताओं को बढ़ाकर उसे आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम किया है। अब नौसेना को एक खरीददार से वर्ष 2047 तक पूर्णतया आत्मनिर्भर बना दिया जाएगा।