धर्म गुरु राम गिरी महाराज के समर्थन में रविवार (1 सितंबर) को महाराष्ट्र के अहमदनगर में सकल हिंदी समाज आंदोलन हुआ। इसमें भाजपा विधायक नीतेश राणे ने कहा- महंत रामगिरी महाराज के बारे में कोई कुछ बोलेगा तो मस्जिद में घुसकर चुन-चुन कर मारेंगे।
राणे के भाषण का वीडियो सामने आने के बाद अहमदनगर पुलिस ने मंगलवार को श्रीरामपुर और तोपखाना थाने में 2 FIR दर्ज की है।
राणे के बयान में अपशब्द
राणे ने अपने भाषण के दौरान कहा- ‘अगर हमारे रामगिरि महाराज की तरफ…. (अपशब्द बोलते हुए) नहीं तो यह बोलेंगे कि मराठी में बोल गया, इसलिए तेरे को जो भाषा समझ आती है, उसी भाषा में धमकी देकर जा रहा हूं। अगर हमारे रामगिरी महाराज के खिलाफ तुमने कुछ भी किया तो तुम्हारी मस्जिदों के अंदर आकर चुन-चुनके मारेंगे। इतना ध्यान रखना।”
AIMIM नेता बोले- भाजपा सांप्रदायिक हिंसा कराना चाहती
AIMIM नेता वारिश पठान ने नितेश राणे का वीडियो शेयर कर आरोप लगाया कि बीजेपी चुनाव से पहले सांप्रदायिक हिंसा कराना चाहती है। नीतेश राणे का भाषण भड़काऊ है। उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए।
नितेश राणे के विवादित बयान
अप्रैल 2024: लोकसभा चुनाव के दौरान भाजपा नेताओं की बैठक में नीतेश राणे ने कहा- अगर 4 जून को मेरे हिसाब से रिजल्ट नहीं आया तो सरपंच पैसा मांगने न आएं। तुम्हें अभी जितने वोट मिले हैं, मुझे उससे ज्यादा वोट चाहिए।
जून 2023: नितेश राणे ने कहा था- अगर कोई ओवैसी की जुबान काटकर लाएगा, मैं उसे इनाम दूंगा। उनका यह बयान AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी के लोकसभा की सदस्यता लेते समय जय फिलिस्तीन का नारा लगाने के बाद आया था।
मई 2023: नितेश राणे ने संजय राउत को सांप कहा था। साथ ही दावा किया कि संजय राउत राजनीतिक रूप से उद्धव ठाकरे को खत्म करना चाहते हैं। वो जल्द ही उद्धव ठाकरे को छोड़कर NCP (SP) में शामिल हो जाएंगे।
रामगिरि महाराज ने पैगंबर मोहम्मद पर टिप्पणी का आरोप
धर्म गुरु रामगिरि महाराज पर पैगंबर मोहम्मद और इस्लाम पर अपमानजनक टिप्पणी का आरोप है। उनके खिलाफ महाराष्ट्र में कई स्थानों पर केस दर्ज किए गए हैं। मुस्लिम संगठनों ने देश के अलग-अलग हिस्सों में विरोध-प्रदर्शन किया और रामगिरि की गिरफ्तारी की मांग की। रविवार को रामगिरि महाराज के समर्थन में कार्यक्रम रखा गया। इसी कार्यक्रम में नीतेश राणे आए थे।
पुलिस के मुताबिक नासिक जिले के शाह पंचाले गांव में एक धार्मिक कार्यक्रम के दौरान रामगिरी महाराज ने कथित तौर पर अपमानजनक टिप्पणी की थी। बाद में कार्यक्रम का वीडियो भी वायरल हुआ था।
पुलिस ने क्या कहा
कल अहमदनगर जिले के श्रीरामपुर और तोपखाना पुलिस थाने में दो अलग-अलग मौकों पर भड़काऊ भाषण देने के आरोप में भाजपा विधायक नितेश राणे के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। नितेश राणे ने अहमदनगर में सकल हिंदू समाज आंदोलन में हिस्सा लिया था और वहां भाषण दिए थे।
thenewsnowdigital.com thenewsnowdigital.com | www.thenewsnowdigital.com