गाजा। हमास ने एक बड़ा दावा किया है। उसने कहा कि उसके सैन्य ब्रिगेड अल-कस्साम के लड़ाकों ने उत्तरी गाजा के बेत लाहिया में लगभग 15 इजरायली सैनिकों को मार गिराया है। एक प्रेस बयान में अल-कस्साम ब्रिगेड ने कहा कि उसके लड़ाकों ने इजरायली पैदल टुकड़ी को निशाना बनाया है। इसके अलावा उत्तरी गाजा के जबालिया कैंप के पश्चिम में सफतावी क्षेत्र के पास एक इजरायली मर्कवा टैंक को भी निशाना बनाया गया है। यह जानकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ ने दी है।
उधर, इस्लामिक जिहाद मूवमेंट की सशस्त्र शाखा अल-कुद्स ब्रिगेड का कहना है कि उसने सेंट्रल जाबालिया कैंप में जाबालिया सर्विसेज क्लब के पास इजरायली सैनिकों और वाहनों के जमावड़े को 60 मिमी मोर्टार के गोले से निशाना बनाया। हालांकि इजरायली सेना ने इन हमलों के संबंध में कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।
नीदरलैंड के विदेश मंत्री ने रद किया इजरायल का दौरा
नीदरलैण्ड के विदेश मंत्री वेल्डकैंप ने बेंजामिन नेतन्याहू के गिरफ्तारी वारंट के बाद अपना इजरायली दौरा रद कर दिया है। स्थानीय मीडिया ने मंत्री के हवाले से कहा कि यात्रा रद करने का फैसला आपसी सहमति से लिया गया है। वेल्डकैंप आने वाले दिनों में इजरायल की यात्रा करने वाले थे। हालांकि सटीक तारीखों का खुलासा नहीं किया गया था। मगर रिपोर्ट्स बताती हैं कि वेल्डकैंप ने इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की संभावित गिरफ्तारी का संकेत देने वाली अपनी टिप्पणी के बाद यात्रा रद की है।
thenewsnowdigital.com thenewsnowdigital.com | www.thenewsnowdigital.com